Breaking NewsCrimeDurg BhilaiPoliceजामुल

जामुल पुलिस के संरक्षण में फिर गरमाया कबाड़ का अवैध खेल! एक तरफ ‘वर्दी’ पर सवाल, दूसरी तरफ विधायक रिकेश सेन की पैनी नजर?

जामुल (भिलाई)। औद्योगिक क्षेत्र जामुल में एक बार फिर अवैध कबाड़ का कारोबार पैर पसारने लगा है। पुलिस प्रशासन के दावों को ठेंगा दिखाते हुए बंद पड़े कबाड़ गोदामों के ताले दोबारा खुल गए हैं। क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं कि इस पूरे अवैध खेल को स्थानीय पुलिस का मूक संरक्षण प्राप्त है। वहीं दूसरी ओर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन लगातार बीएसपी (BSP) और औद्योगिक संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर मुखर रहे हैं, जिससे अब यह मामला सीधे तौर पर ‘पुलिसिया सुस्ती बनाम जनप्रतिनिधि की सख्ती’ के रूप में देखा जा रहा है।

तड़के 4 बजे से शुरू होता है ‘खेल’, बीएसपी की गाड़ियों पर डाका

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, जामुल थाना क्षेत्र के वीरा सिंह चौक से बीसी चौक जाने वाले मार्ग पर स्थित एक बंद पड़े कबाड़ गोदाम में भारी मात्रा में अवैध लोहे का भंडारण शुरू हो चुका है।

मोडस ऑपेरेंडी: यह पूरा काला कारोबार सुबह तड़के 4:00 बजे से सक्रिय हो जाता है।

मिलीभगत: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से निकलने वाले भारी वाहन (ट्रेलर) ड्राइवरों की मिलीभगत से सीधे इस कबाड़ गोदाम के भीतर दाखिल होते हैं।

कटिंग का खेल: गोदाम के भीतर प्लांट के कीमती लोहे और माल की धड़ल्ले से कटिंग की जा रही है।

सलाम ठोक कर निकल जाती है पेट्रोलिंग गाड़ी, जनता उठा रही सवाल

स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि जब पूरा शहर सो रहा होता है, तब अवैध कबाड़ का यह सिंडिकेट सक्रिय रहता है। हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी इस मार्ग से गुजरती तो है, लेकिन कार्रवाई करने के बजाय ‘सलाम ठोक कर’ आगे बढ़ जाती है। जनता के बीच अब यह चर्चा आम हो चुकी है कि क्या जामुल पुलिस खुद इस अवैध धंधे को बढ़ावा देकर अपनी जेबें गर्म करने में जुटी है?

सफेदपोश और गुंडे-बदमाशों का गठजोड़

इस अवैध कबाड़ गोदाम को चलाने के पीछे कुछ रसूखदार राजनीतिक चेहरों और नामी गुंडे-बदमाशों का हाथ बताया जा रहा है। इसी रसूख के दम पर पुलिसिया कार्रवाई का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है।

एक तरफ पुलिस का संरक्षण, दूसरी तरफ विधायक रिकेश लड़ रहे प्लांट के लिए?

इस पूरे मामले का दूसरा पहलू बेहद दिलचस्प है। एक तरफ जहां जामुल पुलिस की भूमिका संदिग्ध नजर आ रही है, वहीं वैशाली नगर विधानसभा के विधायक रिकेश सेन लगातार क्षेत्र से अपराध, सट्टा और अवैध कबाड़ माफियाओं को उखाड़ फेंकने का दावा करते आए हैं। वे लगातार बीएसपी प्लांट की संपत्तियों की सुरक्षा और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं।

अब देखना यह होगा कि विधायक रिकेश सेन के कड़े रुख के बाद क्या दुर्ग पुलिस के आला अधिकारी इस मामले को संज्ञान में लेते हैं? क्या जामुल थाना प्रभारी इस अवैध कबाड़ गोदाम पर बुल्डोजर चलवाएंगे या फिर ‘खाकी’ के संरक्षण में बीएसपी के लोहे की यह कटिंग बदस्तूर जारी रहेगी?

– ब्यूरो रिपोर्ट, जामुल।

Related Articles

Back to top button